रायपुर, 20 जून 2017
राज्यपाल श्री बलरामजी दास टंडन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि योग, उत्तम स्वास्थ्य के लिए एक ऐसी जीवन पद्धति है, जो मनुष्य को निरोगी बनाती है। योग की यह प्राचीन परम्परा हमारे देश की अमूल्य विरासत है। योग के माध्यम से मनुष्य अपने शरीर, मन एवं आत्मा में संतुलन स्थापित कर एकनिष्ठ, एकाग्र एवं स्थिर होता है और आंतरिक शक्तियों को जागृत करता है। यह केवल व्यायाम नहीं बल्कि विज्ञान भी है।
आधुनिक जीवन शैली, व्यस्तता, तनाव आदि के कारण होने वाली कई तरह की बीमारियां बढ़ी है। ऐसे में योग रोगों के उपचार में उपयोगी साबित हो रहा है। योग में हमारे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की असीम संभावनाएं हैं। योग शरीर के सभी भागों पर प्रभाव डालता है और उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करता है। योग से जुड़ना विद्यार्थियों के लिए भी लाभकारी है। योग एकाग्रता में कमी दूर करता है वहीं विचार शक्ति को बढ़ाता है। यह विभिन्न प्रकार से शरीर के दोषों को दूर करने में सहायक भी है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया है कि योग को अपने जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाएं और रोगों से हमेशा दूर रहें व जीवन को स्वस्थ एवं ऊर्जा से परिपूर्ण बनाएं।
क्रमांक:- 1221 /केशरवानी