Saturday, 20 May 2017

सबके सहयोग से लोक सुराज को मिली ऐतिहासिक सफलता : डॉ. रमन सिंह : लगभग तीन माह तक चले अभियान में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री ने जनता को दिया धन्यवाद

अभियान में प्राप्त 28.54 लाख आवेदनों
में से 93 प्रतिशत का हुआ निराकरण
रायपुर, 20 मई 2017
 मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य व्यापी लोक सुराज अभियान को सफल बनाने और उसके शांतिपूर्ण तथा सुचारू संचालन में प्राप्त सहयोग के लिए प्रदेशवासियों के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि यह वास्तव में आम जनता का ही अभियान है और इसकी कामयाबी का पूरा श्रेय आम जनता को है। डॉ. सिंह ने अभियान की सफलता के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा - ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना के अनुरूप  सबके सहयोग से लोक सुराज अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा - इस बार यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया गया, जो तीनों चरणों को मिलाकर 84 दिनों तक चला। गर्मियों में राज्य शासन द्वारा वर्ष 2005 से हर साल आयोजित अब तक के ‘सुराज’ अभियानों में यह सबसे लम्बा अभियान रहा। मोटे तौर पर इसे हम करीब-करीब तीन माह लम्बा अभियान भी कह सकते हैं। इस बार का यह अभियान 2016 घंटे तक अनवरत चला। अभियान का आज औपचारिक रूप से समापन हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा - इस बार के अभियान को समाधान पर विशेष रूप से केन्द्रित किया गया। उन्होंने कहा - भीषण गर्मी के बावजूद समाधान शिविरों में भारी संख्या में आम जनता और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अभियान में जनभागीदारी का सबसे बड़ा उदाहरण है।
डॉ. सिंह ने अभियान को सफल बनाने में मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, पंच-सरपंचों, जिला और जनपद पंचायतों के पदाधिकारियों और सदस्यों, नगरीय निकायों के पदाधिकारियों और पार्षदों,  राज्य सरकार के सभी विभागों के राज्य, जिला, विकासखंड, शहर और ग्राम स्तर के समस्त अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने अभियान  के व्यापक प्रचार-प्रसार में प्राप्त सहयोग के लिए प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का भी आभार प्रकट किया है।
 डॉ. रमन सिंह ने कहा - प्रदेश की विकास यात्रा के विगत तेरह वर्षों के अनुभवों का समावेश करने वाला यह सबसे बड़ा लोक अभियान रहा। इसका पहला चरण 26 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों के आवेदन लिए गए। इसके बाद दूसरे चरण में लगभग एक माह तक संबंधित विभागों द्वारा इन आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया - तीसरा चरण तीन अप्रैल से आज 20 मई तक चला, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 2000 से ज्यादा समाधान शिविर लगाकर लोगों को उनके आवेदनों के निराकरण के बारे में बताया गया। अभियान में कुल 28 लाख 54 हजार 360 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 25 लाख 86 हजार 569 आवेदन और शहरी क्षेत्रों के दो लाख 59 हजार 594 आवेदन शामिल हैं, जबकि 8197 आवेदन ऑन लाइन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राप्त आवेदन पत्रों में से 26 लाख 55 हजार 833 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है। इस प्रकार लगभग 93 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।  सभी आवेदनों को कम्प्यूटरों में दर्ज कर ऑन लाइन मॉनिटरिंग करते हुए उनका समुचित निराकरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि तृतीय चरण में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 3 अप्रैल से आज 20 मई तक प्रदेश का सघन दौरा किया। आज समापन दिवस पर वे रायपुर जिले के अभनपुर के समाधान शिविर में शामिल हुए और रायपुर कलेक्टोरेट में समीक्षा बैठक ली। सम्पूर्ण अभियान के दौरान मुख्यमंत्री 16 गांवों में अचानक पहुंचे और चौपालों में ग्रामीणों से मुलाकात की। डॉ. सिंह 22 स्थानों पर आयोजित समाधान शिविरों में शामिल हुए और 19 जिला मुख्यालयों में बैठकें लेकर सभी 27 जिलों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सम्पूर्ण अभियान में लगभग 10 हजार किलोमीटर के क्षेत्रफल का तूफानी दौरा किया। उन्होंने 21 जिला मुख्यालयों में रात्रि विश्राम किया और उस दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात की। सम्पूर्ण अभियान में 185 संगठनों और लगभग 1300 जनप्रतिनिधियों ने उनसे मिलकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। अभियान के सुचारू संचालन के लिए प्रथम चरण में 26 फरवरी से 28 फरवरी तक आवेदन लेने के लिए 10 हजार 971 ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के 10 हजार 496 अधिकारियों और कर्मचारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया। इस दौरान 169 नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर आवेदन लेने के लिए 688 नोडल अधिकारी बनाये गए थे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल 2299 शिविरों में आवेदन लेने की व्यवस्था की गई और समाधान पेटियां भी रखी गई।
मुख्यमंत्री ने इस बार के लोक सुराज अभियान में 187 घोषणाएं की और विभिन्न प्रकरणों में 243 निर्देश जारी किए। इन घोषणाओं और निर्देशों में से 145 पर अमल पूर्ण हो चुका है, जबकि 285 प्रकरणों में कार्रवाई चल रही है, जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सम्पूर्ण अभियान में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 13 हजार 887 परिवारों के नये राशन कार्ड बनवाये गए, जिनमें एक लाख 97 हजार सदस्य शामिल हैं, जिन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ता अनाज मिलेगा।
 डॉ. सिंह ने कहा कोरबा जिले में डीएमएफ की राशि से बन रही एजुकेशन सिटी का नामकरण पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर और दुर्ग जिले के ग्राम सांकरा (विकासखंड-पाटन) में 41 हेक्टेयर के वन प्रक्षेत्र का नामकरण पूर्व केन्द्रीय वन तथा पर्यावरण राज्य मंत्री श्री स्वर्गीय श्री अनिल माधव दवे के नाम पर किया गया। सिहावा में ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केन्द्र की शुरूआत कर दी गई। मनरेगा मजदूरों के लिए टिफिन बॉक्स देने की योजना शुरू करने का निर्णय भी इस बार के लोक सुराज अभियान में लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा -अभियान के दौरान गांवों में अवैध शराब की रोकथाम के लिए कोचिया बंदी के सरकारी निर्णय के अच्छे परिणाम देखे गए। लगभग 98 प्रतिशत गांवों में अब शांति पूर्ण वातावरण है। प्रदेश सरकार की नई शराब नीति के कारण सड़क हादसों की संख्या में 27 प्रतिशत तक गिरावट आयी है। संस्थागत प्रसव में उत्साहजनक वृद्धि देखी गई है।  
क्रमांक-831/स्वराज्य

प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात : मुख्यमंत्री आज करेंगे आधा दर्जन नवोदय विद्यालयों का शुभारंभ

रायपुर, 13 जुलाई 2017 प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात मिली है।  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल 14 जुलाई को बालोद जिले के प्...