राष्ट्रीय एकता के लिए करें भारत माता की आराधना: डॉ. वैद्य
रायपुर, 13 जुलाई 2017
कृषि और जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां जे योगानंदम शासकीय छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर ‘आज का युवा और स्वामी विवेकानंद’ विषय पर व्याख्यान भी आयोजित किया गया। श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं। आज के युवा अगर स्वामी विवेकानंद के आदर्शो को अंश मात्र भी अपना लें, तो वे आदर्श छात्र बन सकते हैं। स्वामी विवेकानंद प्रखर वक्ता और सफल नेतृत्व कर्ता थे।
मुख्य अतिथि की आसंदी से कृषि मंत्री श्री अग्रवाल ने इस कॉलेज परिसर में राज्य शासन द्वारा बनवाए जा रहे भवन का नामकरण स्वामी विवेकानंद के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक निधि से निर्मित भवन का नामकरण पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किया जाएगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध चिंतक डॉ. मनमोहन वैद्य ने मुख्य वक्ता की आसंदी से अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. वैद्य ने कहा - राष्ट्रीय एकता के लिए यह जरूरी है कि हम सिर्फ भारत माता की आराधना करें, जो हमारे देश को सामाजिक रूप से एकता के सूत्र में बांध सके। डॉ. वैद्य ने समाज में शिक्षा के स्तर को सुधारने और उसका विस्तार करने भी बल दिया। कलेक्टर रायपुर श्री ओ.पी. चौधरी ने भी समारोह को संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में लोकार्पित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा डॉ. दिनेश कुमार वर्मा द्वारा अपने पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री उदय राम दिकोरिया की स्मृति में समर्पित की गई है। इस अवसर पर कामधेनु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उमेश कुमार मिश्रा, स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मुकेश वर्मा, सरगुजा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. वर्मा, छत्तीसगढ़ जनभागीदारी के अध्यक्ष श्री किरण साहू भी उपस्थित थे।
क्रमांक-1591/सोलंकी