रायपुर, 01 जून 2017
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आज घोषित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (पीईटी) में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी है। जापान प्रवास के बीच यहां भेजे गए शुभकामना संदेश में इन छात्र-छात्राओं के प्रति शुभेच्छा प्रकट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य और देश के निर्माण और विकास में इंजीनियरों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण होती है। पीईटी में उत्तीर्ण विद्यार्थी हमारे देश और प्रदेश के भावी इंजीनियर हैं। डॉ. सिंह ने उम्मीद जताई है कि ये विद्यार्थी विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश लेकर खूब मेहनत और लगन से पढ़ाई करेंगे और कुशल इंजीनियर बनकर राष्ट्र को अपनी मूल्यवान सेवाएं देंगे। मुख्यमंत्री ने पीईटी की प्रावीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को भी बधाई दी है।
क्रमांक-995/स्वराज्य