रायपुर, 24 जून 2017
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जनता को आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर देशभर में मनाए जाने वाले रथयात्रा के महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि पूर्वी भारत में ओड़िशा के समुद्र तट पर पवित्र पुरीधाम में विराजमान भगवान जगन्नाथ की यह रथयात्रा हमारी महान भारतीय संस्कृति में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ओड़िशा राज्य का निकटतम पड़ोसी होने के कारण छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में उत्कल संस्कृति का काफी गहरा असर देखा जाता है। डॉ. सिंह ने कहा - छत्तीसगढ़ के शहरों और गांवों में भी रथ यात्रा का यह पवित्र त्यौहार काफी उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा- इतिहासकारों के अनुसार छत्तीसगढ़ के जगदलपुर (बस्तर) में रथयात्रा की 600 वर्ष से भी कुछ अधिक पुरानी परम्परा है, वहीं राजधानी रायपुर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा विगत 500 वर्षों से निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ से छत्तीसगढ़ और ओड़िशा सहित सम्पूर्ण राष्ट्र और सम्पूर्ण विश्व की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद की कामना की है। डॉ. सिंह ने भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा से देश में इस वर्ष मानसून के दौरान अच्छी बारिश के लिए भी आशीर्वाद मांगा है।
क्रमांक-1308 /स्वराज्य