Thursday, 25 May 2017

महादेव घाट जल्द ही पर्यटन स्थल का स्वरूप लेगा : पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने का कार्य तेजी से जारी

जल संसाधन मंत्री ने लिया विकास कार्यो का जायजा
एक साल के भीतर कार्य योजना के अनुसार पूर्ण रूप से विकसित करने के निर्देश
रायपुर, 25 मई 2017

राजधानी रायपुर के नजदीक महादेव घाट जल्द ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो जाएगा। यहां पर पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं विकसित करने और खारून नदी के दोनों ओर के हिस्से को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने तेजी से काम चल रहा है। जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज शाम महादेव घाट पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यो का जायजा लिया। अभी महादेव घाट के दुर्ग जिले की ओर विकास कार्य चल रहा है।
    जल संसाधन मंत्री श्री अग्रवाल ने स्थल निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों से कहा कि अगले एक साल के भीतर महादेव घाट के सौन्दर्यीकरण का कार्य निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार पूरा हो जाना चाहिए। महादेव घाट में लगभग छह करोड़ रूपए की लागत से लक्ष्मण झूला बनाने का काम तेजी से चल रहा है, इसके लिए खारून नदी के दोनों ओर स्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। दुर्ग जिले के हिस्से में लगभग डेढ़ किलोमीटर में गार्डन विकसित किया जा रहा है। यहां पर बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे। जल संसाधन मंत्री ने दुर्ग जिले के हिस्से में एक रेस्ट हाऊस बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। महादेव घाट पर नदी के दोनों किनारों में सीढ़ियां बनाई गई हैं। पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से इन स्थानों में बेरीकेटिंग भी की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में महादेव घाट से कुम्हारी पुल तक नदी के दोनों किनारे को विकसित किया जाएगा। श्री अग्रवाल ने खारून नदी पुल पार करने के बाद नदी के किनारे लेफ्ट साईड में आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। यही से आगे विकसित हो रहे गार्डन तक जाने का रास्ता बन रहा है। श्री अग्रवाल ने महादेवघाट एनीकट के ऊपर नदी की मिट्टी को बरसात के पहले साफ करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
      इस अवसर पर रायपुर नगर निगम के पार्षद श्री दीनबंधु ठाकुर, जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता श्री एच.आर. कुटारे, मुख्य अभियंता श्री एस.डी. भागवत, अधीक्षण अभियंता श्री अजय शर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री सुरेश पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-895/राजेश

प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात : मुख्यमंत्री आज करेंगे आधा दर्जन नवोदय विद्यालयों का शुभारंभ

रायपुर, 13 जुलाई 2017 प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात मिली है।  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल 14 जुलाई को बालोद जिले के प्...