रायपुर, 21 मई 2017
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 22 मई को अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. सिंह ने कहा है कि पृथ्वी पर पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जैव विविधता को बचाना बहुत जरूरी है। उन्होंने इसके लिए सभी लोगों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा - तेज रफ्तार आधुनिक जीवनशैली और तीव्र गति से हो रहे औद्योगिक विकास के फलस्वरूप पूरी दुनिया में जैव विविधता को बचाने की एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। हम अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर और लगाए गए पौधों की सुरक्षा करते हुए जहां हरित पर्यावरण के विकास में योगदान दे सकते हैं, वहीं वन सम्पदा और जल सम्पदा, वन्य प्राणियों सहित तमाम प्राकृतिक सम्पदाओं को सुरक्षित रखते हुए जैव विविधता को भी संरक्षित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने व्यक्ति, समाज, देश और दुनिया की जरूरतों की पूर्ति के लिए जल, जंगल और जमीन के संतुलित और सुरक्षित उपयोग पर भी बल दिया है। उन्होंने कहा है कि इससे जैव विविधता को बचाने और उसके विकास में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा-छत्तीसगढ़ जैव विविधता की दृष्टि से काफी समृद्ध राज्य है। यह हमें प्रकृति से विरासत में मिली मूल्यवान सम्पत्ति है। उन्होंने राज्य की जैव विविधता की रक्षा के लिए भी प्रदेश वासियों से सहयोग का आव्हान किया है।
क्रमांक-833/स्वराज्य