रायपुर, 14 मई 2017
आकाशवाणी के रायपुर केन्द्र से आज प्रसारित मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मासिक रेडियो वार्ता ‘रमन के गोठ’ 21वीं कड़ी को आज यहां छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के सदस्यों ने सामूहिक रूप से सुना। श्रोता संघ के सरंक्षक और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज के निवास परिसर ‘चौपाल’ में बड़ी संख्या में रेडियो श्रोता एकत्रित हुए थे। संघ के अध्यक्ष श्री बजाज ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि मुख्यमंत्री ने आज के अपने प्रसारण में सामाजिक बुराई, बाल विवाह, दहेज प्रथा, भोजन की बर्बादी पर अच्छा संदेश दिया है। उन्होंने अपनी रेडियो वार्ता में प्रधानमंत्री की योजनाओं की जानकारी भी दी है। राज्य में 10वीं-12वीं की परीक्षाओं में बेटियों के अच्छे परिणाम पर खुशी जतायी और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। रेडियो श्रोता संघ सदस्य श्री मोहन लाल देवांगन ने कहा कि वे लगभग 20 वर्ष से 17 घंटे रेडियो सुन रहे हैं और श्रोता संघ से भी जुड़े हैं। वे अपने टेलरिंग की दुकान पर कैशलेश लेनदेन करते हैं और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक है। श्री बजाज ने रेडियो श्रोताओं से भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में प्रेरक की भूमिका निभाने का आव्हान किया है। कार्यक्रम में सर्वश्री दुर्गा प्रसाद जोगी, रतन जैन, प्रकाश शर्मा, परसराम साहू, रेडियो श्रोता उपस्थित थे।
क्रमांक-716/पाराशर