Tuesday, 20 June 2017

मुख्यमंत्री ने योग दिवस पर जनता को दी बधाई : सभी लोगों से सामूहिक योगाभ्यास में शामिल होने की अपील

रायपुर, 20 जून 2017
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 21 जून को आयोजित हो रहे तीसरे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने कहा- इस बार के योग दिवस में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को मिलाकर कम से कम पचास लाख लोगों को सामूहिक योगाभ्यास से जोड़ने का लक्ष्य है। यह अपने आप में एक नया कीर्तिमान होगा। उन्होंने इसकी सफलता के लिए सभी लोगों से योग दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने और सबके साथ मिलकर योगाभ्यास करने की अपील की है।
    डॉ. सिंह ने योग दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि मानव स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए योग भारत की अत्यंत प्राचीन जीवन शैली है। डॉ. रमन सिंह ने कहा- यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि भारत की इस प्राचीन विधा को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और प्रतिष्ठा मिली है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को दिया जाना चाहिए, जिनकी विशेष पहल पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को पूरी दुनिया में योग दिवस मनाने का निर्णय लिया था।
    प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 27 सितम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में किए गए अपने भाषण में संयुक्त राष्ट्र संघ से योग दिवस को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का आव्हान किया था। इसके बाद महासभा के 194 सदस्य देशों द्वारा सिर्फ लगभग तीन माह के भीतर 11 दिसम्बर 2014 को भारी बहुमत से उनके इस प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया। डॉ. रमन सिंह ने कहा- योग प्रत्येक मनुष्य के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक है। प्राचीन भारतीय परम्परा और संस्कृति में योग का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। कुशल योगाचार्यों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन योगाग्यास करने पर व्यक्ति का जीवन स्वस्थ और निरोग रह सकता है। 

क्रमांक-1222/स्वराज्य

प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात : मुख्यमंत्री आज करेंगे आधा दर्जन नवोदय विद्यालयों का शुभारंभ

रायपुर, 13 जुलाई 2017 प्रदेश को ग्यारह नवोदय विद्यालयों की नई सौगात मिली है।  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल 14 जुलाई को बालोद जिले के प्...